Monday, October 19th, 2026

भारतीय महिला टीम ने  आइएसएसएफ विश्व कप में जीता गोल्ड

नई दिल्ली
 भारत की चिंकी यादव, मनु भाकर और राही सरनोबत ने आइएसएसएफ निशानेबाजी विश्व कप में  महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर देश का इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इससे पहले अंजुम मोदगिल, श्रेया सक्सेना और गायत्री नित्यानादम की भारतीय टीम ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन की टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।

चिंकी, मनु और राही की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में कुल 17 का स्कोर बनाया और पोलैंड की इवोना वावरजोनोवस्का, युलिता बोरेक और एग्निस्का कोरेज्वो को आसानी से हराया। पोलैंड की टीम ने केवल सात का स्कोर बनाया। इससे एक दिन पहले चिंकी, मनु और राही ने इस स्पर्धा के व्यक्तिगत मुकाबले में तीनों पदक जीते थे। इस जीत से भारत की पदक तालिका में स्थिति अधिक मजबूत हो गई है। उसके नाम पर अब 10 स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक सहित कुल 21 पदक हो गए हैं।

वहीं, इससे पहले अंजुम मोदगिल, श्रेया सक्सेना और गायत्री की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक के मैच में 43 अंक हासिल किए और वह पोलैंड की टीम के बाद दूसरे स्थान पर रहीं। भारत ने इससे पूर्व पहले और दूसरे क्वालीफाइंग दौर में क्रमश: 1304 और 864 का स्कोर बनाया था।

 

# आइएसएसएफ विश्व कप

Source : Agency

पाठको की राय